संसद में आमंत्रित की गई नेहरू युवा केन्द्र बागपत की स्वयंसेविका सुषमा त्यागी।
बागपत। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की इकाई नेहरू युवा केन्द्र बागपत द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है जिसके अंतर्गत केन्द्र की 20 वर्षीय वालंटियर सुषमा त्यागी को संसद में 3 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है
कार्यक्रम में संसद सदस्य एवं अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। नेहरू युवा केन्द्र बागपत द्वारा पूर्व में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम में सुषमा की रैंक के आधार पर उनको यह अवसर मिला।
जनपद के गांव नैथला निवासी सुषमा, मूल रूप से एक कृषक परिवार से ताल्लुक रखती है। वह वर्तमान में सम्राट पृथ्वीराज चौहान कॉलेज में बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा है। प्रतिभा और लगन से इस मुकाम को पाकर उन्होंने साबित कर दिखाया कि गांवों के प्रतिभाशाली युवा किसी से कम नही। इसके अतिरिक्त नेहरू युवा केन्द्र बागपत की वॉलंटियर के रूप में भी उन्होंने विभिन्न स्कूलों एवं युवा मंडलों के साथ मिलकर सराहनीय कार्य किए है।
हाल ही में उनको सतत विकास लक्ष्यों पर कार्य कर रही संस्था सेल्फ इंडिपेंडेंट ने वूमेन ट्रांसफॉर्मिंग नेशन अवार्ड से भी सम्मानित किया है। वह अपने ग्राम नैथला में भी नेहरू युवा केन्द्र के यूथ क्लब के माध्यम से गांव के युवाओं के विकास, उत्थान एवं कल्याण हेतु कार्य कर रही है। जिला युवा अधिकारी अरुण तिवारी ने सुषमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नेहरू युवा केन्द्र बागपत के स्वयंसेवकों की उपलब्धियां:
अक्टूबर: निवाडा के ईनाम उल हसन को नेहरू युवा केन्द्र बागपत द्वारा संसद जाने का अवसर मिला।
नवम्बर: ट्योढी के स्वयंसेवक अमन कुमार को यूनेस्को एमजीआईईपी द्वारा एंबेसडर बनाया गया।
दिसम्बर: केन्द्र की स्वयंसेविका सुषमा त्यागी को 03 दिसंबर को संसद में आमंत्रित किया गया।